फतेहपुर। एक दिन पूर्व गंगा में सात शव बहकर आ जाने के बाद सोमवार को प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। दूसरे दिन भी नदी में शवों की तलाश होती रही, हालांकि शव नहीं मिला। जिला प्रशासन ने गंगा के सभी घाटों पर रहने वाले मछुवारों और नाविकों को अलर्ट रहने को कहा है। राजस्व टीमों ने सोमवार को आदमपुर से भिटौरा तक करीब छह घंटे निगरानी की।
एसडीएम प्रमोद झा व नायब तहसीलदार ने आदमपुर से सर्च अभियान शुरू कराया। यहां पर दो लेखपाल, एक कानूनगो, एक पंचायत सचिव, एडीओ पंचायत अशोक कुमार के नेतृत्व में स्टीमर से नदी में गए और असनी तक शवों की खोज की।
तकरीबन छह घंटे तक सर्च अभियान चलाने के बाद भी कोई शव नहीं दिखा। एसडीएम सदर प्रमोद झा ने बताया कि गंगा नदी में पानी बढ़ा है, इसलिए निगरानी लगाई गई है। जो भी शव बहते या उतराते दिखेंगे, उन्हें निकालकर उनका अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकाल के तहत कराया जाएगा।