फतेहपुर। बुजुर्गों को कोरोना का टीका लगना शुरू हो गया। ट्रायल डे पर पहले दिन 200 को टीका लगाया जाना था। सोमवार को टीकाकरण से पहले इसमें बदलाव करते हुए संख्या घटाकर 140 कर दी गई, जिसके सापेक्ष 106 ने कोवि शील्ड की पहली खुराक हासिल की। प्राइवेट केंद्र में 250 रुपये फीस होने की वजह से न के बराबर लोग ही टीका लगवाने पहुंचे।
सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चली टीकाकरण की प्रक्रिया को लेकर स्वास्थ्य महकमा काफी संजीदा रहा। जिला महिला अस्पताल के पीपीसी में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद व सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार टीकाकरण के लिए बुजुर्गों को हिम्मत बंधाई। पीपीसी में 100 का टीकाकरण होना था। जिसके सापेक्ष यहां पर 98 लोग आए। प्राइवेट सत्र केंद्र आभा मेडिकल सेंटर में 40 के सापेक्ष महज आठ को टीका लग सका।
बुजुर्गों को टीका लगाने की सोमवार से हुई शुरुआत में अव्यवस्था देखने को मिली। टीकाकरण दो सत्र केंद्र में ही होना था। जिसमें प्राइवेट सत्र केंद्र आभा मेडिकल सेेंटर में वैक्सीन समय से नहीं पहुंच सकी। दो घंटे बाद दोपहर 11 बजे वैक्सीन पहुंचने पर यहां टीकाकरण शुरू हो सका। शाम पांच बजे तक यहां पर महज आठ लोगों का टीकाकरण हो सका।
बुजुर्ग को कोरोना टीका लगाने की शुरूआत हो चुकी है। अब बड़े पैमाने पर इन्हें टीका लगाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि चार व पांच मार्च को सारे पीएचसी व सीएचसी में टीकाकरण होगा।