जाफरगंज। अलग-अलग जगहों पर तीन घरों में आग लग गई। जाफरगंज के सिजौली गांव में गृहस्थी बचाने के प्रयास में गृहस्वामी झुलस गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सिजौली गांव निवासी अयोध्या प्रसाद अग्निहोत्री का परिवार रात में खाना खाने के बाद सो गया। इसके बाद रात करीब 11 बजे चूल्हे की चिंगारी से घर में आग लग गई। बचाव कार्य के दौरान अयोध्या प्रसाद झुलस गए। देखते-देखके लपटों ने पूरे घर को घेर लिया। मौके पर पहुंची दमकल की मदद से ग्रामीणों ने आग बुझाई। इस दौरान गेहूं, चना, दाल, लाही, चारपाई, बिस्तर समेत करीब 50 हजार कीमत का सामान जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस ने झुलसे गृहस्वामी को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया है। उधर, खेड़ा गांव निवासी मनोज कुमार के घर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। करीब 17 हजार का सामान जलकर नष्ट हो गया। जानकारी पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने दोनों घरों के नुकसान का आंकलन किया। उधर, जोनिहां प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बा निवासी सुरेंद्र कुमार के घर में रविवार की रात आग लग गई। पांच हजार की नगदी और करीब 50 हजार सामान जलकर नष्ट हो गया है।