फतेहपुर। सरकारी दावे हैं कि हर हाथ को हुनर दिया जाए लेकिन मौजूदा हालात कुछ और ही बयां कर रहे हैं। कई प्रयासों के बाद भी जिले के पांच राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की सीटें तक नहीं भर पाई हैं। सीटें भरने के लिए जुलाई से लेकर 15 फरवरी तक प्रवेश की तिथियां छह बार बढ़ाई गई, लेकिन अभी तक इन सभी आईटीआई में 241 सीटें रिक्त हैं। अब आगे प्रवेश की तिथि बढ़ना मुश्किल है।
जिले में फतेहपुर, सिविल लाइन, बिंदकी, जहानाबाद और खागा आईटीआई संचालित हैं। यहां कक्षा पांच से आठ तक पढ़े युवाओं के लिए बी ग्रुप और हाईस्कूल, इंटरमीडिएट उत्तीर्ण युवाओं के लिए ए ग्रुप के ट्रेड संचालित हैं। आईटीआई ने जुलाई महीने से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की थी। प्रवेश के लिए छह बार तिथियां बढ़ाई गई, लेकिन परिणाम कुछ हासिल नहीं हो पाया।
कोरोना के कारण जुलाई के बजाया आईटीआई ने सितंबर में कक्षाएं प्रारंभ की थीं। इससे पहले ऑनलाइन कक्षाएं चलाई गईं। इस तरह से एक वर्षीय कोर्स आधा ही पूरा हो चुका। ऐसे में अब प्रवेश लेने का कोई मतलब भी नहीं बचा है।