खागा रैन बसेरा का निरीक्षण करते खागा एसडीएम प्रहलाद सिंह
- फोटो : FATEHPUR
खागा। कस्बे की जीटी रोड और किशनपुर रोड में दिनभर की जाम की समस्या का हल निकालने के लिए एसडीएम खागा ने इन दोनों मार्गों से अतिक्रमण हटवाया। शनिवार को सड़क पटरी पर अतिक्रमण करने वाले 13 दुकानदारों से करीब 3600 रुपये जुर्माना वसूला गया। दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। अतिक्रमण हटाने वाली टीम को देखकर पटरी दुकानदारों मे हड़कंप मच गया। इसी क्रम में एसडीएम ने रैन बसेरा और अंबेडकर पार्क का भी औचक निरीक्षण किया।
नायब तहसीलदार सीमा भारती के नेतृत्व मे जीटी रोड कोतवाली से लेकर चैक बाजार तक चौक बाजार से किशनपुर रोड आरओबी तक सड़क के दोनों पटरियों के अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया। मौके पर राजस्व निरीक्षक जितेंद्र सिंह और लेखपाल शिवप्रसाद सक्सेना और पुलिस बल मौजूद रहा। इसके बाद देर रात एसडीएम ने अंबेडकर पार्क और रैन बसेरा की व्यवस्थाएं देखीं। रैन बसेेरा का इनवर्टर खराब मिला। जिस पर एसडीएम ने नगर पंचायत ईओ को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। एसडीएम प्रहलाद सिंह ने बताया कि शीघ्र ही खागा के लोगों को स्वास्थ्य लाभ देने के लिहाज से कस्बे में एक पार्क विकसित किया जाएगा।