फतेहपुर। कोरोना के गुरुवार को पांच नए मामले सामने आए। जिनमें से तीन संक्रमित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े हुए हैं। जिला प्रशासन कंटेनमेंट जोन घोषित करने के साथ स्वास्थ्य केंद्रों को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए हैं। जिले में अब कोरोना वायरस से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़कर 314 हो गई है। 223 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। मौजूदा समय में 83 लोग कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती हैं।
गुरुवार को 27 सैंपलों की जांच रिपोर्ट मिली, जिसमें पांच नए रोगी संक्रमित मिले हैं। इनमें से हुसैनगंज चौराहे का रहने वाला एक व्यक्ति और सिंधाव के एक व्यक्ति के साथ पीएचसी कोराई का एक स्वास्थ्य कर्मी, उप स्वास्थ्य केंद्र लहुरी सराय में तैनात कानपुर की एक महिला स्वास्थ्य कर्मी और सीएचसी अमौली का एक स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमित निकला है। डीएम संजीव सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों को सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। हुसैनगंज चौराहा और सिधाव को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के गांव पहरवापुर में एक वृद्ध के कोरोना पॉजिटिव निकलने से हड़कंप मच गया। 19 जुलाई को 75 वर्ष वृद्ध को गले में परेशानी होने पर कानपुर के हैलट में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को वह कोरोना पॉजिटिव निकले। इधर, पुलिस ने शाम को गांव पहुंचकर बैरिकेडिंग लगाई। गोपालगंज प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार को परिजनों के सैंपल लिए जाएंगे।