फतेहपुर। मुराइन टोला उपकेंद्र में लगी मशीन में आग लगने से जिला अस्पताल में सोमवार तड़के चार बजे गुल हुई बिजली शाम पांच बजे आ सकी। इस दौरान बिस्तर पर पड़े मरीज उमस से बेहाल हो गए, तीमारदार मरीजों को राहत देने के लिए पंखा करते रहे। अस्पताल की सभी सेवाएं ठप हो गईं। पैथोलॉजी की जांचें लटक गईं। अस्पताल प्रशासन की ओर से सुबह सात बजे से आठ बजे तक ही जनरेटर चलाया गया। ओपीडी भी अंधेरे में लगी।
राधा नगर से जिला अस्पताल के लिए अलग से लाइन बिछाई गई है जो मुरारल उपकेंद्र से जुड़ी है। सोमवार सुबह चार बजे यहां लगी मशीन में आग लग गई। इससे लाइन ट्रिप कर गई। भोर का वक्त होने की वजह से उस वक्त ज्यादा परेशानी नहीं हुई लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे-वैसे परेशानी बढ़ने लगी। बिजली न रहने से पैथोलॉजी ठप पड़ रही। जांच को आए लोग बिजली का इंतजार करते रहे। एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड भी नहीं हुए। तीमारदारों के अनुसार अस्पताल प्रशासन ने सुबह 7:00 बजे जनरेटर चलाया लेकिन वह भी घंटे भर बाद बंद कर दिया। उमस के कारण मरीज बिलाबिला उठे। कई मरीज तीमारदारों के साथ वार्ड से बाहर निकल आए ताकि शारीरिक उलझन को कुछ हद तक कम कर सकें।