अल्लीपुर/फतेहपुर। अल्लीपुर में बन रहे मेडिकल कॉलेज का नवनियुक्त प्राचार्य आरपी सिंह ने औचक निरीक्षण किया। जिला अस्पताल की टीम के साथ मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचे प्राचार्य ने दो घंटे तक पूरे परिसर का निरीक्षण किया और कार्यदाई संस्था की कार्य की रफ्तार पर असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने कहा सुस्त निर्माण कार्य की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। उनके पदभार ग्रहण करते ही जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज को हस्तांरित कर दिया गया। साथ ही मेडिकल कॉलेज के नए स्टाफ के वेतन के लिए भी शासन ने एक करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। अब वेतन आहरण के लिए सीएमएस को खाते खुलवाने हैं।
प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह ने कार्यदाई संस्था सीएनडीएस को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि एक अगस्त को नीट की परीक्षाएं होने जा रही हैं, इसके तुरंत बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, अभी तक बिल्डिंग का कार्य 50 फीसदी पूरा हुआ है।
प्राचार्य ने बताया कि अभी फिलहाल तीन विभाग संचालित किए जाएंगे। डाक्टरों व प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जल्द ही मेडिकल कॉलेज में स्टाफ पहुंचने लगेगा। मेडिकल कालेज में शुरुआत में स्टाफ में 50 डॉक्टर, 45 जूनियर रेजिडेंट तथा 150 नर्स रहेंगी।
कार्यदाई संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि जल्द से जल्द 10 दिन के अंदर हमें तीनों विभाग संचालित करने के लिए बिल्डिंग व आवास पूरा करा दें। महिला व पुरुष छात्रों के आवास भी पूरे होने चाहिए। निरीक्षण के बाद जिला अस्पताल पहुंचे प्राचार्य ने जिला अस्पताल के समस्त चिकित्सकों से परिचय लिया और स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य आरपी सिंह के साथ में जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. प्रभाकर व दंत रोग के डॉ. शरद कुमार और सर्जन डॉ. नरेश विशाल भी साथ में रहे। प्राचार्य ने बताया कि अभी मैनेजमेंट कमेटी गठित नहीं हो पाई है। शासन से फंड को लेकर कोई समस्या नहीं है।
ये विभाग होंगे संचालित -
- एनाटॉमी विभाग
- फिजियोलॉजी
- बायोकेमेस्ट्री
मेडिकल कॉलेज पर एक नजर
- विभाग- चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश
- निर्माण लागत- 212.49 करोड़।
- कार्य प्रारंभ तिथि- आठ मार्च 2019
- कार्य पूर्ण तिथि प्रस्तावित- 7 मार्च 2021
- अब तक प्राप्त राशि- 1.25 करोड़
- अब तक निर्माण- 50 प्रतिशत