प्राथमिक विद्यालय टांडा में बंद अन्ना मवेशी
- फोटो : FATEHPUR
हुसैनगंज। भिटौरा ब्लाक क्षेत्र के टांडा गांव के किसानों ने आजिज होकर अन्ना मवेशियों को घेरकर प्राथमिक विद्यालय में बंद कर दिया। स्कूल में बंद मवेशी 14 घंटे से भूख प्यास से तड़प रहे हैं। प्रशासन ने अभी तक मवेशियों की सुधि लेना मुनासिब नहीं समझा है।
क्षेत्र में आवारा पशुओं से आजिज होकर किसानों ने रविवार की भोर चार बजे मवेशियों को घेरकर गांव के प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री के अंदर बंद कर दिया है।
इससे विद्यालय में गंदगी तो फैल ही रही है, साथ ही कायाकल्प योजना तहत कराई गई रंगाई पुताई बेकार हो रही है। प्रधानाध्यापक रामकिशोर का कहना है कि रविवार का अवकाश होने के कारण विद्यालय बंद था।
सोमवार को विद्यालय खुलने पर विभाग को लिखित तौर पर अवगत कराया जाएगा। उधर, सहायक विकास अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। सुबह मवेशियों को गोशाला भेजने की व्यवस्था कराई जाएगी।