हथगाम। रास्ते के विवाद में पिटाई से घायल किसान की मंगलवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी।
थाना क्षेत्र के कसरांव गांव के कुम्हारन का पुरवा निवासी हरिश्चंद्र पटेल (50) के सामने बचई यादव का घर है। बचई यादव अपने मकान का निर्माण करा रहा है। निर्माणाधीन घर के सामने बिल्डिंग मैटीरियल पड़ा है। 31 अक्तूबर को बचई ने ई-रिक्शा भी रास्ते में खड़ा कर दिया।
ई-रिक्शा खड़ा करने से रास्ते में आवागमन बाधित हो गया। विरोध करने पर हरिश्चंद्र पटेल और उसके भाई हरीलाल, हरी प्रसाद को बचई यादव और उनके परिजन ने रॉड, लाठी-डंडे से पीटकर घायल किया था। हमले में हरिश्चंद्र के सिर में गंभीर चोट लगी थी।
सीएचसी से उसे जिला अस्पताल और यहां से डॉक्टर ने कानपुर हैलट रेफर किया था। परिजन हैलट की जगह प्रयागराज गुरु गोविंद सिंह मेमोरियल अस्पताल ले गए थे।
भाई हरीलाल ने बचई और उसके पुत्र मान सिंह, सत्येंद्र, रावेंद्र, पत्नी उमा देवी, भाई वीरन, वीरन की पत्नी सुशीला देवी, कोदइला गांव के रामऔतार व हिसामपुर गांव के नीरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इलाज दौरान मंगलवार रात हरिश्चंद्र पटेल की मौत हो गई।
भाई हरीलाल ने बताया कि पुलिस को भाई की मौत की सूचना दी गई है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ पांच दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। प्रभारी निरीक्षक डीपी गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद धाराएं परिवर्तित की जाएंगी। आरोपियों की तलाश शुरू की गई है।
फोटो-12-हरिश्चंद्र। फाइल फोटो