असोथर। गेहूं लदी ट्रॉली के नीचे दबने से किसान की सोमवार दोपहर मौत हो गई। हादसे से परिजन स्तब्ध हो गए। जानकारी पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव के मैकुवापुर निवासी रामऔतार (60) ने खेत से गेहूं कटवाकर ट्रॉली में लदवा रखा था। चालक ट्रैक्टर लेने गया था। इसी दौरान रामऔतार ट्रॉली के नीचे बैठकर आराम करने लगे। गेहूं का लोड बढ़ने से ट्रॉली का पिछला हिस्सा दब गया। ट्रॉली में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देखकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
किसान के तीन पुत्र शिवदत्त (32), ओमप्रकाश (30), शिवप्रकाश (28) और पुत्री मालती (25) हैं। थानाध्यक्ष धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि ट्रॉली के नीचे दबने से किसान की मौत हुई है। परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।