धाता। ब्लाक कार्यालय के जर्जर आवासीय भवन से हुक सहित पंखा गिरने से सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार्यालय में कर्मचारी व गांव से अपना काम कराने आए ग्रामीण बाल बाल बच गए।
ब्लाक परिसर के कार्यालय में बुधवार दोपहर करीब एक बजे भवन की छत से बिजली का पंखा हुक सहित नीचे गिर गया। पंखे की नीचे बैठे सचिव विजय सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि सचिव व अन्य कर्मी कार्यालय में बैठकर कार्य कर रहे थे। तभी अचानक छत से पंखा नीचे गिरा और सचिव घायल हो गए है।
गनीमत रही कि कार्यालय में आए ग्रामीण चुटहिल नहीं हुए। वहीं कर्मचारियों ने बताया कि पूरे ब्लाक परिसर में खंड विकास अधिकारी के आवास व कार्यालय को छोड़कर लगभग सभी आवासीय भवन जर्जर हालत में हैं। कहीं छत टपक रही है, तो कहीं प्लास्टर गिर रहा है। इससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।
कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों किसान, मजदूर व ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं। ऐसे में इन खंडहर बन चुके भवनों से जनहानि की आशंका बनी रहती है। खंड विकास अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने बताया कि सभी जर्जर भवनों की सूची तैयार कर रिपोर्ट भेजी जा रही है। जल्द ही मरम्मत व पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।