फतेहपुर। क्रेसर बेचने का झांसा देकर कंट्रक्शन कंपनी के मालिक से 66 लाख की धोखाधड़ी की डीजीपी से शिकायत के बाद मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि तीन क्रेसर संचालकों ने रुपये लेने के बाद दूसरे को क्रेसर बेच डाला है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कृष्ण बिहारी नगर निवासी प्रदीप सिंह कंट्रक्शन कंपनी के मालिक हैं। उन्होंने डीजीपी से की शिकायत में बताया कि घर में गेगासों निवासी मित्र निखिल पांडेय के साथ घर पर 10 जनवरी 2024 को बैठकर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान महोबा जिला सदर कोतवाली गांधी नगर निवासी पूर्व परिचित मनोज कुमार सोनी व साधना सोनी अपने पुत्र पवन सोनी के साथ आए। उन्होंने तीनों के साझे में महोबा स्थित बाला जी इंडस्ट्रीज का क्रेशर प्लांट होना बताया।
आर्थिक समस्या बताते हुए क्रेशर संचालन में रुपये लगाने पर 50 प्रतिशत का पार्टनर बनाने भरोसा दिया। उसने और मित्र निखिल ने फर्म खाते से तीन फरवरी 2024 को 15 लाख रुपये आरटीजीएस व पुत्र युवराज सिंह के बैंक खाते से 15 अप्रैल को 51 लाख रुपये तीनों के खाते ट्रांसफर किए। इसके बाद तीनों साझीदारी के कागजात तैयार करने में टालमटोल करते रहे। वह संदेह में उनके प्लांट पहुंचे। जहां पता लगा कि तीनों ने प्लांट किसी अन्य व्यक्ति को बेचा है।
धोखाधड़ी का पता लगने पर तीनों के पास पहुंचे। रुपये मांगने पर तीनों ने गाली गलौज की और हत्याकर शव गायब कर देने की धमकी दी। उन्होंने सदर कोतवाली में शिकायत की। रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद डीजीपी से शिकायत की गई। कोतवाल तारकेवर राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।