फतेहपुर। बेटी का इलाज कराने गए परिवार के घर का बृहस्पतिवार रात ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवर ले गए। पुलिस ने जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के चक कुसियारीपुर मोड़ अकोढ़िया निवासी अमित कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात पुत्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह पत्नी के साथ करीब रात 12 बजे उसे लेकर एक नर्सिंग होम पहुंचे। इलाज के बाद भोर करीब चार बजे घर लौटे तो मेन दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे का सामान बिखरा था और अलमारी खुली पड़ी थी।
अलमारी से 50 हजार रुपये, एक सोने का माला और चांदी की पायल गायब थी। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। इस पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की। कोतवाल आरके पटेल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।