फतेहपुर। फेसबुक दोस्त ने रुपये दोगुना का झांसा देकर 1.80 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राधानगर थाना क्षेत्र के अंदौली पुलिया निवासी सतीश चंद्र ने पुलिस को बताया कि उसके पास फेसबुक पर महाराष्ट्र के जावेद खान की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। जावेद खान से फोन और मैसेज में बातचीत होने लगी।
जावेद ने एक स्कीम में रुपये लगाने पर दोगुना होने की बात बताई। झांसे में आकर जावेद के बताए खाते में 1.80 लाख रुपये 28 अक्तूबर 2024 को भेज दिए। खाते में रुपये पहुंचने के करीब एक घंटे बाद जावेद ने फोन उठाना बंद कर दिया।
फेसबुक पर उसे ब्लॉक कर दिया। ब्लाॅक करने पर उसे धोखाधड़ी की जानकारी हुई। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।