जांच के बाद छात्र-छात्राओं को दी गई एंट्री
दिन गुरुवार। समय सुबह के सात बजे। राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर। मुख्य गेट पर दो सशस्त्र पुलिस के जवान थे। छोटा गेट खोलकर उससे परीक्षार्थियों को एंट्री दी गई। अंदर परीक्षा केंद्र के सचल दल सदस्य खड़े रहे। एक-एक परीक्षार्थी की तलाशी ली गई। पहले दिन पहली पाली में पांच छात्राओं की तलाशी महिला शिक्षक ने ली। परीक्षार्थियों के अंदर आने के बाद बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। परीक्षा कक्षों के सामने मिट्टी के घड़ों में पानी रखा दिखा।
हिंदी का प्रश्नपत्र देख मुस्कुराते हुए निकले छात्र
बिंदकी स्थित दयानंद इंटर कालेज में शाम पांच बजे। परीक्षार्थी इंटरमीडिएट हिंदी का प्रश्नपत्र देकर बाहर निकले। परीक्षार्थी आपस में बातें करते दिखे की परीक्षा में इस बार सख्ती ज्यादा है। वहीं सवालों का बेहतर ढंग से जवाब देने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से लबरेज थे। वे एक-दूसरे से सवाल का हल पूछकर अपने लिखे उत्तर को आंक रहे थे। रामआसरे इंटर कालेज औंग से परीक्षा देने आए इमरान ने बताया कि प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम से आया, इससे दिक्कत नहीं हुई। गोपालगंज इंटर कालेज से आए परीक्षार्थी कृष्ण कुमार का कहना है कि पहले दिन की सख्ती के कारण नकल के सहारे परीक्षा देने का हौसला पस्त होगा।
सरस्वती बाल मंदिर में पानी का रहा संकट
सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज खागा। समय-पांच बजे। खागा कालेज की छात्राओं को स्वकेंद्र की सुविधा मिली है। इंटर की परीक्षार्थी आकांक्षा सिंह, प्रतिभा सिंह, अंकिता सिंह, उर्मिला सिंह बाहर मुस्कराते हुईं निकलीं। बोलीं, प्रश्नपत्र इतना सरल होगा, उन्होंने कभी सोचा ही नहीं थी। बताया कि केंद्र में पीने के पानी की समस्या थी। घड़े में रखा पानी धूप के कारण गर्म हो गया था। ऐसे में प्यासे रहना पड़ा।
रहें सावधान, वेबसाइट पर लोड होगा नकलची का ब्योरा
फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा के नकलचियों की सूचना केंद्र व्यवस्थापक को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करना होगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव शैल यादव ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को दो कंप्यूटर के साथ एक आपरेटर नियुक्त करने को कहा है। पत्र में कहा गया है कि नकल करते पकड़े जाने के आधा घंटे के अंदर केंद्र व्यवस्थापक को स्कूल की आईडी और पासवर्ड से अपना पैनल खोलते ही केंद्र के परीक्षार्थियों की अनुक्रमांक समेत सूची दिखाई पड़ेगी। सूची में नकल करने वाले परीक्षार्थी के नाम के सामने नकल करने का ब्योरा दर्ज करना होगा।
डीएम ने दो केंद्रों का किया निरीक्षण
फतेहपुर। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने बोर्ड परीक्षा के पहले दिन दो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम पहले राजकीय इंटर कालेज पहुंची और इसके बाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज वीआईपी रोड परीक्षा केंद्र गई। केंद्रों में संतोषजनक व्यवस्था मिली।
पहले दिन सभी सचल दल निकले
फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा के पहले दिन पांचों सचल दल परीक्षा का जायजा लेने निकले। सचलदल प्रभारी सुबह छह बजे डीआईओेस दफ्तर पहुंचे। डीआईओएस ने सभी सचल दलों को रूट चार्ट दिया। डीआईओएस ने भी निरीक्षण किया।