डीआईओएस कार्यालय परिसर में खड़ी उपनिदेशक कृषि कार्यालय से भेजी गई 1976 मॉडल जीप। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। जिलाधिकारी के वाहन देने के आदेश पर उप निदेशक कृषि ने कंडम जीप डीआईओएस दफ्तर भेज दी है। 46 साल पुरानी यह जीप चलने की स्थिति में न होने के कारण डीआईओएस दफ्तर परिसर में खड़ी है। वाहन की व्यवस्था न होने के कारण शुक्रवार को बोर्ड परीक्षा में सिर्फ दो सचल दल ही निकल पाए।
बोर्ड परीक्षा में पहली अप्रैल से 12 अप्रैल तक के लिए डीएम अपूर्वा दुबे ने उपनिदेशक कृषि, जिला पंचायत, सीएमओ के वाहन अधिगृहत किए थे। उपनिदेशक कृषि ने अपने वाहन के बदले जलागम की 1976 मॉडल जीप डीआईओएस कार्यालय सचल दलों के लिए भेजी है। जीप की पूरी बॉडी जंग खा चुकी है। बीच से दो हिस्सों में जीप की बॉडी अलग-अलग टुकड़ों में हिल रही है। जीप की हालत देखकर कोई भी सचल दल इससे चलने को तैयार नहीं हुआ। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कृषि विभाग से भेजी जीप पूरी तरह से कंडम हालत में है। इससे आना-जाना जान जोखिम में डालना है। ऐसी हालत में यह वाहन किसी भी दल को आवंटित नहीं हुआ। ऐसा वाहन भेजना बोर्ड परीक्षा में असहयोग है। इसकी लिखित सूचना डीएम को भेजी गई है।