फतेहपुर। ब्याज का लालच देकर साइबर अपराधियों ने पूर्व सैनिक से 50 हजार रुपये ठग लिए। साइबर पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज निवासी विनय कुमार तिवारी भूतपूर्व सैनिक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक बीमा कंपनी में एक साल पहले पॉलिसी खुलवाई थी। उनके पास 28 अक्तूबर को एक कॉल आई थी। बैंक की शाखा हेड प्रबंधक जाह्नी राणा होने का परिचय दिया।
उन्होंने बताया कि पॉलिसी में एजेंट कोड लगा है। उसे हटवाकर कस्टमर कोड लगवाएं। इसमें 50 हजार रुपये भेजने होंगे। करीब 15 दिन बाद बीमा की रकम ब्याज समेत चार लाख 30 हजार 899 रुपये वापस होगा।
उन्होंने ऑनलाइन रुपये बताए खाते में भेज दिया। बैंक से पता लगा कि रुपये बीमा कंपनी में नहीं गए। किसी जगमोहन के खाते में रुपये गए हैं। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।