फतेहुपर। भूमि का सौदा निरस्त होने के बाद बयाने के दो लाख रुपये वापस मांगने पर पूर्व सैनिक को पीट दिया। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
राधानगर थाना क्षेत्र के गंगानगर कॉलोनी निवासी पूर्व सैनिक श्रीराम सिंह सेंगर ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले आबूनगर निवासी राजेंद्र के माध्यम से आबूनगर पठान मोहल्ला निवासी फूलचंद्र लोधी से भूमि का सौदा किया था। राजेंद्र अवस्थी की मौजूदगी में फूलचंद्र को डेढ़ लाख रुपये नकद और फूलचंद्र की पत्नी रामप्यारी के नाम 50 हजार रुपये का चेक दिया था।
किसी कारणवश भूमि का सौदा नहीं हो सका तो उन्होंने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि बुधवार को फूलचंद्र ने उन्हें कर्पूरी ठाकुर चौराहा स्थित डाक बंगला बुलाया। यहां उसने अपने तीन पुत्रों के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर डंडों से पीट दिया। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।