फतेहपुर। जनपद में बड़े हर्षोल्लास के साथ दिवाली मनाई गई। गुरुवार शाम 6.12 बजे से रात 8.24 बजे तक चित्रा नक्षत्र में भगवान गणेश, मां लक्ष्मी व धन के देवता कुबेर की पूजा हुई। इस दौरान लोगों ने भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।
दिवाली को लेकर बच्चों से लेकर बड़ों में खासा उत्साह दिखा। पूरा दिन चली खरीदारी के बाद शाम को घर-घर मिट्टी के दीये जलाए गए। इस दौरान शहर समेत पूरा जनपद सुनहरी रोशनी से जगमग हो उठा। घरों के बाहर रंग-बिरंगी झालरों की चमक देखते बनी। दीपक जलाने के बाद लोगों ने प्रथम पूज्य भगवान गणेश, मां लक्ष्मी व भगवान कुबेर की पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
पूजा संपन्न होने के बाद आतिशबाजी का दौर चला, देर रात तीन बजे तक चलता रहा। आतिशबाजी को लेकर बच्चों में अलग ही उत्साह रहा। त्योहार के दिन सभी लोग नए कपड़ों में नजर आए।
दिवाली के दिन बाजारों में भीड़
त्योहार के दिन शहर समेत सभी कस्बों की बाजारों में भीड़ दिखी। बाजारों में कदम रखने की जगह नहीं बची। लोग धीरे-धीरे रेंगते रहे। लोगों ने पूरा दिन मिठाई और पटाखों की खरीदारी की। मिठाई की दुकानों में आम दिनों की अपेक्षा चार गुना भीड़ रही। लोगों को लाइन लगाकर पटाखे लेने पड़े। शहर के महात्मा गांधी डिग्री कॉलेज में करोड़ों का व्यापार हुआ।
सीपीसी स्कूल में शिक्षिकाओं ने बनाई रंगोली
शहर के चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल में महिला शिक्षकों ने रंग-बिरंगी रंगोली बनाई। शाम ढलते ही 551 दीपक जलाए गए। इस दौरान विद्यालय परिसर बेहद खूबसूरत नजर आया। रंगोली बनाने वाली महिला शिक्षकों को स्कूल प्रबंधक ने पुरस्कृत किया। इसके बाद सभी ने मिलकर एक दूसरे को मिठाई खिलाई। विद्यालय में बड़े धूमधाम से दिवाली मनाई गई।