फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए युवाओं के प्रवेश लेने की तिथि चार बार बढ़ाई जा चुकी है। इसके बाद भी जिले में विभिन्न ट्रेडों में 351 सीटें रिक्त हैं।
कोरोना संक्रमण के भय के चलते छात्र-छात्राएं प्रवेश नहीं ले रहे हैं। ऐेसे में संस्थानों ने सीधे प्रवेश लेने का निर्णय लिया है। 13 जनवरी तक छात्र सादे पेपर पर ऑनलाइन आवेदन पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं।
जिले में फतेहपुर, सिविल लाइन, बिंदकी, खागा और जहानाबाद में आईटीआई संचालित हैं। जहानाबाद आईटीआई जिला मुख्यालय में चल रही है।
नोडल प्रधानाचार्य डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि चार बार आवेदन की तिथि बढ़ाई गई, लेकिन विभिन्न ट्रेडों में अभी भी कुल 351 सीटें रिक्त हैं। इन्हें भरने के लिए संस्थान ने सीधे प्रवेश लेने का निर्णय लिया है।
प्रवेश के लिए सादे पेपर में परिषद की ऑनलाइन आवेदन पत्र सहित संस्थान में आकर आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए 13 जनवरी शाम पांच बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
सीटों के सापेक्ष चयन परिणाम 15 जनवरी की शाम चार बजे संस्थान के नोटिस बोर्ड में चस्पा किया जाएगा। 16 को दोपहर 12 बजे तक प्रवेश लिए जा सकते हैं।
विभिन्न ट्रेडों में आईटीआई खागा में 89, बिंदकी में 85, जहानाबाद में 100, आईटीआई फतेहपुर में 77 सीटें रिक्त हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि चयनित अभ्यर्थी को 16 जनवरी को दोपहर दो बजे तक प्रवेश लेना अनिवार्य होगा। इस समय सीमा में प्रवेश न लेने वाले के स्थान में वेटिंग के आवेदक का प्रवेश ले लिया जाएगा।