फतेहपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण से पहले झाड़ियों और घास की सफाई करा रहे इंजीनियर पर चार लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवक तीन साथियों के साथ कार से पहुंचा और लाठी-डंडों से इंजीनियर की पिटाई कर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य तीन की तलाश जारी है।
मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के महरछ गांव निवासी गोविंद कुमार लखनऊ की एक निर्माण कंपनी में सिविल इंजीनियर हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को खागा कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल्लापुर सिठियानी मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ट्रैक्टर मशीन से सड़क किनारे झाड़ियों और घास की सफाई कराई जा रही थी।
इस दौरान सुपरवाइजर अनिल कुमार भी मौजूद थे। आरोप है कि नरोत्तमपुर गांव निवासी जितेंद्र सिंह नशे की हालत में पहुंचा और सफाई सही तरीके से न होने का आरोप लगा सुपरवाइजर से गाली-गलौज करने लगा। कुछ देर बाद गोविंद कुमार वहां पहुंचे और मशीन से बची घास मजदूरों से साफ कराने की बात कही। इसके बाद जितेंद्र वहां से चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद जितेंद्र तीन अन्य साथियों के साथ कार से लौटा। चारों लाठी-डंडों से लैस थे। इसके बाद उन्होंने हमला कर दिया। मारपीट में गोविंद का मोबाइल भी टूट गया।
खागा कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।