असोथर। नगर पंचायत के उपकेंद्र में 36 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है। बिजली आपूर्ति बंद होने से लोग बेहाल रहे। गुरुवार सुबह 33 हजार की लाइन ब्रेकडाउन हो गई थी। इस लाइन दुरुस्त करने में 24 घंटे का समय लगा।
इसके बाद आपूर्ति शुरू होते ही उपकेंद्र की कंट्रोलर मशीन ब्लास्ट हो गई, जिससे थरियांव फीडर, जरौली फीडर, गाजीपुर फीडर, नरैनी फीडर, घरवासीपुर फीडर, असोथर फीडर बंद हो गए। इससे रामनगर कौंहन, सरकंडी, जरौली, कौडर, बौडर, सरांय खालिस, टीकर, मेडीपुर, गेडुरी, घरवासीपुर, अंदीपुर, बेरुई, जमलामउ, कंधिया, बेसडी समेत करीब 150 गांवों के उपभोक्ता 36 घंटे से परेशान हैं।
भीषण गर्मी में लोग पेड़ों के नीचे बैठकर राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र के मनोज सोनी, संतोष अग्रहरि, विजय गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, शिबू मोदनवाल, शंभू मोदनवाल, विमल सिंह, वेद प्रकाश सविता का कहना है इस समय कभी 33 हजार लाइन ब्रेक हो जाती है, तो कभी रोस्टिंग हो जाती है।
अभी इनकमिंग मशीन ब्लास्ट हो गई। ऐसे में लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। अवर अभियंता जितेंद्र कुमार जाट ने बताया कि इनकमिंग मशीन ब्लास्ट हो गई है। रात आठ बजे तक आपूर्ति चालू हो जाएगी।