फतेहपुर। शहर से लेकर गांव तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर के कई हिस्सों में सोमवार रात भर कटौती जारी रही। वहीं रात दो बजे पूरे शहर की बिजली बंद हो गई। इससे शहरवासी पूरी रात गर्मी से बेहाल हो गए।
राधानगर स्थित ट्रांसमिशन ट्रांसफार्मर में सोमवार देर रात तकनीकी खराबी आ जाने से करीब डेढ़ घंटे तक सभी उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे पूरे शहर में अंधेरा हो गया। गर्मी और उमस से लोग बेहाल हो गए। रात में ही लोग छतों व गलियों में घूमने लगे। बिजली आपूर्ति के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं हरिहरगंज फीडर में रात भर बिजली कटौती का सिलसिला चलता रहा। रात नौ बजे से लेकर रात दो बजे तक पांच बार कटौती की गई। हर बार आधे से एक घंटे तक आपूर्ति बंद रही। दो बजे की कटौती के बाद सुबह बिजली आपूर्ति चालू हुई। इससे एक हजार की आबादी पूरी तरह प्रभावित हुई। उसकी दिनचर्या पर असर पड़ा। इसी तरह आवास विकास कॉलोनी की लगभग पांच हजार की आबादी को रातभर बिजली की आंखमिचौली से जूझना पड़ा। शहरवासियों ने बताया कि गर्मी और उमस के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, लेकिन विद्युत निगम कोई सुनवाई नहीं कर रहा।
इसी तरह शाह इलाके में मंगलवार सुबह से दोपहर तक बिजली पूरी तरह से गायब रही। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के बीच बिजली की यह मनमानी कटौती लोगों के लिए असहनीय बनती जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी खराब है। कई गांवों में तो घंटों तक बिजली नहीं पहुंच रही है। इससे न सिर्फ घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं बल्कि जल आपूर्ति और कृषि कार्य भी बाधित हो रहे हैं।
वहीं सदर एसडीओ अभिनय श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रांसमिशन में खराबी को 30 से 40 मिनट में बनाकर आपूर्ति शुरू कर दी गई।