चौगडगरा में हाईवे पर खड़े वाहन।
- फोटो : चौगडगरा में हाईवे पर खड़े वाहन।
बहुआ। ललौली कस्बे में जर्जर बांदा-कानपुर हाईवे के गड्ढे में गिट्टी लदा डंपर पलट गया। उसके बगल से निकल रहे मौरंग लदे ट्रक के गड्ढे में फंसने से हाईवे 15 घंटे जाम रहा। वाहनों को दूसरे मार्गों से भेजा गया। चार किलोमीटर लंबे जाम से वाहन सवार कराह उठे।
बांदा -कानपुर हाईवे ललौली कस्बे के मध्य पूरी तरह से खस्ताहाल है। हाईवे के गहरे गड्ढे में सोमवार रात नौ बजे बांदा से बिंदकी की ओर जा रहा गिट्टी लदा डंपर पलट गया। डंपर में लदी गिट्टी पूरे सड़क पर फैल गई। इसके बाद पलटे डंपर के बगल से निकल रहा ट्रक गढ्ढे में फंस गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इससे जाम लग गया। जाम ललौली से चिल्लापुल होते हुए बांदा जनपद की ओर लगा रहा और दूसरी ओर ललौली से बंधवा तक वाहनों की लाइन लगी रही। जाम के कारण बिंदकी से बांदा की ओर जाने वाले वाहन बंधवा तिराहे से बहुआ होकर भेजे गए। जाम में बांदा से कानपुर की ओर जाने वाली कई बसें रात भर फंसी रहीं। कड़ाके की ठंड में रातभर वाहन चालक और यात्री जाम में फंसे रहे।
मंगलवार सुबह जेसीबी की मदद से फंसे ट्रक की मौरंग खाली कराने के बाद हाइड्रा की मदद से ट्रक खींचकर बाहर निकाला गया और पलटा डंपर सड़क से हटवाकर सीधा कराने के बाद दोपहर 12 बजे यातायात बहाल किया गया।