खागा। रविवार रात हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से खागा क्षेत्र के तीन बिजली उपकेंद्रों की 33 केवी लाइनों में फाॅल्ट आ गया। खागा 132 केवी सब स्टेशन से हथगाम, सिठौरा और पलिया उपकेंद्रों को जाने वाली लाइनों में कई स्थानों पर इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए। तहसील परिसर में लगा 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। इससे सोमवार को कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
रविवार रात करीब एक बजे के बाद खागा-हथगाम, खागा-सिठौरा और खागा-पलिया 33 केवी लाइनों में खराबी आने से तीनों उपकेंद्रों से जुड़े फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां तारों पर गिर गईं और तार टूट गए। तीनों लाइनों में करीब 25 इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए।
विद्युत निगम के कर्मचारियों ने सुबह से मरम्मत कार्य शुरू किया। हथगाम और सिठौरा उपकेंद्र के अवर अभियंता जीतेंद्र पाल के साथ राहुल मौर्य, धर्मेंद्र यादव, सचिन यादव और सत्यम ने खागा 132 केवी सब स्टेशन से शटडाउन लेकर लाइन दुरुस्त कराई।
मरम्मत के बाद सिठौरा उपकेंद्र की आपूर्ति दोपहर करीब दो बजे, हथगाम की तीन बजे और पलिया उपकेंद्र की शाम करीब चार बजे बहाल हो गई। इसके बाद उपभोक्ताओं को राहत मिली। बिजली गिरने से तहसील परिसर में लगा 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। इससे अधिकारियों के कार्यालय, विभिन्न न्यायालयों और रजिस्ट्री कार्यालय की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
एसडीओ दीपक कुमार सिंह ने बताया कि फुंके ट्रांसफार्मर का पीआर बनाकर भेज दिया गया है। मंगलवार दोपहर तक नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।