= 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान, तहसीलों में लगेंगे ईवीएम जागरूकता केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के 2318 बूथों पर मंगलवार को निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया गया। कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी के साथ मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि 18 नवंबर से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। इस दौरान किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने या विवरण में त्रुटि मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता को सूची में शामिल होने से वंचित रहने से बचाना है। इसके बाद ईवीएम और वीवीपैट के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत मशीनों का प्रदर्शन किया गया।
उन्होंने बताया कि 20 नवंबर से अधिसूचना जारी होने तक प्रत्येक तहसील में दो-दो काउंटर और जिला मुख्यालय पर एक प्रदर्शन केंद्र संचालित होगा। यहां मतदाताओं को मशीनों के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पांडेय, सदर एसडीएम पिनाकपाणि द्विवेदी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।