जिला अस्पताल के कोरोना सैंपल की जांच करते लैब टेक्नीशियन। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। जनपद में कोरोना के मामलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को आठ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इन मामलों को मिलाकर जनपद में ऐक्टिव केस की संख्या 31 हो गई है। गुरुवार को एक दिन में 19 मरीज मिले थे। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीमों को एलर्ट कर दिया गया है।
कोरोना की पहली लहर से जनपद में अब तक 541749 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं, इनमें से 533621 लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है। अब तक में 8309 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। जिनमें से 3556 मरीज ठीक होकर अपने-अपने घर जा चुके हैं।
कोरोना संक्रमित वाले क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना के मामलों को बढ़ने से स्वास्थ्य टीमों को एलर्ट कर दिया गया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं।
फतेहपुर। कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे ने अपनी तैयारियां शुरु कर दी हैं। लेवल वन के मरीजों के लिए जिला अस्पताल में एक वार्ड सुरक्षित किया गया है तो लेवल टू के मरीजों के लिए सीएचसी बिंदकी को तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त सभी पीएचसी और सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट पूर्व से ही संचालित हैं।
कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखकर जनपद में अपर जिलाधिकारी विनय पाठक ने धारा 144 लागू कर दी है। इसके तहत अब किसी भी सार्वजनिक स्थल पर लोगों की भीड़ जुटने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसी के साथ ही सार्वजनिक कार्यक्रमो में सामाजिक दूरी का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
.