उद्योग बंधु की बैठक लेते डीएम डॉ. वेदपति मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला
सूक्ष्म एवं लघु मध्यम वर्ग समाजवादी युवा स्वरोजगार योजना व प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम को लेकर बुलाई गई उद्योग बंधु की बैठक हाइडिल अफसर पर भारी पड़ी। मलवां औद्योगिक एरिया में स्ट्रीट लाइट समस्या के साथ बिजली की ट्रिपिंग की शिकायत मिलने पर डीएम ने अधीक्षण अभियंता का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। शहरी और ग्रामीण एरिया के एक्सईएन को सभी अवर अभियंताओं का स्थायी पता और उनके मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में उद्योग बंधु की बैठक में डीएम डॉ. वेदपति मिश्रा की नाराजगी हाइडिल पर रही। उन्होंने मलवां औद्योगिक एरिया में बिजली के अलावा सड़क और नाली की समस्या को दूर करने निर्देश दिए। इससे पहले डीएम ने सूक्ष्म एवं लघु मध्यम वर्ग समाजवादी युवा स्वरोजगार योजना में वित्तीय वर्ष 2016-17 में 25 का लक्ष्य मिलने की बात कही।
बताया कि इस योजना से 25 लाख रुपये एवं सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक की परियोजना लागत इकाइयों को बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदक की उम्र 18 से 40 साल के मध्य होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता हाई स्कूल या समकक्ष रखी गई है। इस योजना के लिए 22 जुलाई तक आवेदन किए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 34 का लक्ष्य मिलने का जिक्र करते हुए 25 जुलाई तक जिला उद्योग केंद्र में आवेदन जमा किए जा सकते हैं। बैठक में सीडीओ रामाश्रय, उपायुक्त उद्योग एसके केशरवानी समेत अन्य प्रशासनिक अफसर मौजूद रहे।