फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अफसरों के स्थानांतरण मसले पर आंदोलित हुआ जिला

Sat, 19 Sep 2015 12:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले के आला अफसरों के तबादले के खिलाफ शुक्रवार को जिलेभर में विभिन्न संगठनों के बैनर तले लोगों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। विरोध में सदर, खखरेरू, धाता व शाह में व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं।  व्यापारिक संगठनों ने भी सरकार के फैसले के खिलाफ हुंकार भरी। भाकियू ने कई रूटों पर आवागमन बाधित कर अधिकारियों के दोबारा बहाली की मांग की। बुधवार की देरशाम डीएम पुष्पा सिंह, एसपी अनीस अहमद अंसारी व सीडीओ भवानी सिंह के हुए तबादले के विरोध में पूर्व घोषित बाजार बंदी का शहर में व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क पर उतर आए। नगरीय विकास समिति के सचिव हाजी रजा व शहरकाजी शहीदुल इस्लाम अब्दुल्ला के नेतृत्व में वाहन जुलूस निकाल करके बाजारबंदी में सहयोग देने का आह्वान किया गया। शगुन मैरिज हाल से यह जुलूस निकाला गया जो विभिन्न रूटों से गुजरा। इस मौके पर समिति अध्यक्ष विनय तिवारी, धीरज कुमार, दीपक कुमार डब्बू, प्रभात पटेल, कमला देवी, गुलाबा देवी, सोमवती समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन


24 घंटे में रद किए जाए स्थानांतरण
जिला उद्योग व्यापार मंडल ने 24 घंटे के अंदर तबादला रद्द किए जाने की मांग की। संगठन ने साफ कहा कि शासन ने जो कदम उठाया है उससे उसकी नियत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा के नेतृत्व में व्यापारी के साथ आम जनमानस ने सपाइयों को निशाने पर रखा। चौक बाजार में सभा को संबोधित करते हुए किशन मेहरोत्रा ने कहा कि निर्णय ने समाज के हरेक वर्ग को आहत करने का काम किया है। व्यापार मंडल ने एसडीएम विवेक श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही ऐसा न होने पर आंदोलन की धमकी दी। इस मौके पर प्रेमा सिंह राठौर, रीतू वर्मा, उर्मिला वर्मा, सोमवती निषाद, डॉ. अशोक अरोड़ा, आनंद सिंह, मोहम्मद इमरान, सरदार कुलवंत सिंह, अनिल अग्रवाल, मनोज रस्तोगी, गिरजा शंकर सोनी, धर्मेंद्र साहू, राधेश्याम हयारण आदि मौजूद रहे।

धरना देकर बड़े आंदोलन की चेतावनी
नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष राम प्रकाश गुप्ता की अगुवाई में भी जुलूस निकाला गया। बाद में व्यापारी नेताओं ने चौक चौराहा में धरना देकर तबादला न रोके जाने पर बड़े आंदोलन की धमकी दी। उक्त व्यापारिक संगठन ने कहा कि तीनों अधिकारियों की तैनाती के बाद जिले में बेहतर हो रहा था। जिस पर शासन के अविवेकपूर्ण फैसले ने विराम लगा दिया है। अच्छा होगा कि स्थानांतरण का फैसला रद्द कर दिया जाए वरना आंदोलन को उग्र रुप देकर शासन का विरोध किया जाएगा। धरने में दिलीप मोदनवाल, रामबाबू गुप्ता, राज कमल मौर्या, मोहम्मद इमरान, मनोज कुमार गुप्ता, सद्दाम हुसैन, ताज उद्दीन, अरविंद्र आर्या आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


व्यापारियों ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा
जिला उद्योग व्यापार मंडल रवि गुट ने आयुक्त इलाहाबाद को डाक बंगला में ज्ञापन सौंप करके तीनों अधिकारियों के थानांतरण को रोकवाए जाने की बात पहुंचाने की बात की। अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे ने कहा कि जिले के उच्चाधिकारियों का स्थानांतरण न्यायसंगत नहीं है। जनता इन अधिकारियों के काम काज से खुश थी। यह खुशी सरकार ने एक झटके में छींन ली है। इस मौके पर फरहत अली सिद्दीकी, आशुतोष रस्तोगी, राम प्रकाश गुप्ता, कुलवंत सिंह, कमलेश्वर शिवहरे, राम कमल मौर्या आदि व्यापारी नेता मौजूद रहे।

तबादला प्रकरण पर बजरंगियों ने भरी हुंकार
फतेहपुर। विहिप/ बजरंग दल ने भी स्थानांतरण रुकवाए जाने की मांग की। सदर एसडीएम विवेक श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव के नाम संबोधित ज्ञापन देकर स्थानांतरण के फैसले को जिले के लिए नुकसानदायक करार दिया। बजरंग दल के प्रांतीय नेता वीरेंद्र पांडेय, शिव स्वरूप विश्वकर्मा, राजन सोनी, पंकज कसेरा, जीतू हयारण, कृष्ण कुमार बजरंग आदि हिन्दूवादी नेता मौजूद रहे।

कंछल गुट ने बैठक कर जताया विरोध
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कंछल गुट ने भी आला अधिकारियों के तबादले पर रोष जाहिर किया है। अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद त्रिवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक मेें शासन पर गुस्सा जाहिर किया गया।  कंछल गुट ने तबादले प्रकरण पर मुख्यमंत्री से मिलने का फैसला लिया। इस मौके पर प्रदीप गर्ग, सुनील शुक्ला, मनोरमा शुक्ला, दिनेश साहू, जलालउद्दीन, राकेश त्रिपाठी, शकील गोल्डी आदि मौजूद रहे।

भूतपूर्व सैनिकों आज निकालेंगे रैली
भूतपूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की शुक्रवार को बैठक हुई, जिसमें डीएम, एसपी व सीडीओ के स्थानांतरण को लेकर प्रदेश सरकार की निंदा की गई। समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने बताया कि ईमानदार अधिकारियों की वजह से सपा के नेताओं की धांधली नहीं चल रही थी। अधिकारियों के तबादले के विरोध में शनिवार को समिति की ओर से जन जागरण रैली निकाली जाएगी। इसके बाद राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जाएगा। इस मौके पर सूर्यभान, विजयसेन दुबे, प्रेमसिंह गौतम, रामराज, प्रेमसागर शुक्ला, रमाकांत द्विवेदी, रामकेश यादव, अमर बहादुर सिंह कोटेश्वर शुक्ला आदि रहे।

धाता, खखरेरू, शाह में भी बाजार बंदी
धाता संवाददाता के अनुसार तबादलों से नाराज व्यापारियों ने बाजार बंद कर पूरे कस्बे में प्रदर्शन करते हुए ब्लाक कार्यालय जाकर बीडीओ शरदचंद्र गुप्ता को एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर आशीष सोनी, कृष्ण कुमार सोनी, सुरेश, पीयूष, भानुप्रताप, संजय, कंचन सिंह आदि व्यापारी मौजूद रहे। खखरेरू संवाददाता के अनुसार तबादलों से नाराज व्यापारियों ने अपनी अपनी दुकानेें बंद करके जोरदार प्रदर्शन करतें हुए तबादले रोकने की मांग की। इस मौके पर अनिल केसरवानी, आदित्य केसरवानी, अशोक साहू, राकेश साहू, रोहित केसरवानी, उमेश केसरवानी, विनीत, धीरू, धर्मेद्र, दिनेश आदि व्यापारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें