फाइल फोटो-07-उमेश उर्फ नीलू सिंह कछवाह। स्रोत: परिजन
चौडगरा/औंग। खेत बेचकर रिश्तेदार को दिए रुपये वापस न मिलने से परेशान दिव्यांग ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए।
थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी उमेश उर्फ नीलू सिंह कछवाह (48) का शव सोमवार सुबह दुर्गा मंदिर बाग के पास पीपल के पेड़ से गमछे के फंदे से लटका मिला। नीलू अविवाहित थे। वह एक आंख और एक हाथ से दिव्यांग थे।
छोटे भाई सुनील ने बताया कि नीलू सोमवार भोर बिना किसी को बताए जंगल जाने की बात कहकर घर से निकले थे। कुछ देर बाद गांव के किनारे ग्रामीणों ने उनका शव पेड़ से लटका देखा।
नीलू ने अपने हिस्से के खेत की जमीन बेचकर मिले रुपये एक रिश्तेदार को दिए थे। इसके बाद वह कुछ दिनों तक उसी रिश्तेदार के यहां रह रहे थे। काफी समय बीतने के बाद भी रुपये वापस न मिलने से वह परेशान थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने आत्महत्या की है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण और परिजन से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।