हुसैनगंज। बीमारी से परेशान युवक का शव सोमवार सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा और ग्रामीण से पूछताछ की।
थाना क्षेत्र के रेरुआ गोवर्धनपुर निवासी कुलदीप उर्फ घूरेलाल साहू (40) रविवार रात कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह करीब सात बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। ग्रामीणों ने खिड़की से झांका तो कुलदीप का शव पंखे के हुक से रस्सी के फंदे पर लटका दिखाई दिया।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि कुलदीप के माता-पिता की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह अविवाहित था और अकेले घर में रहता था। कुष्ठ रोग समेत अन्य बीमारियों से परेशान था। दरोगा शिबतेन खान ने बताया कि बीमारी से परेशान होकर युवक ने खुदकुशी की है।