अमौली। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के हमीरपुर डिपो से जोनिहा और चांदपुर होते हुए फतेहपुर व प्रयागराज के लिए सीधी बस सेवा शुरू की है। इससे जनपद और आसपास के यात्रियों को अब घाटमपुर होकर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही यात्रा की दूरी करीब 25 किलोमीटर कम हो गई है। इससे समय और किराये दोनों की बचत होगी।
मकर संक्रांति और माघ मेला को देखते हुए 15 जनवरी से यह बस सेवा शुरू की गई है। बस हमीरपुर से दुर्गा मंदिर मोड़, चांदपुर, सठिगवां और जोनिहा होते हुए फतेहपुर और प्रयागराज जाएगी। बस सुबह आठ बजे हमीरपुर से और दोपहर तीन बजे प्रयागराज से रवाना होगी। इससे अमौली और खजुहा ब्लॉक के करीब 120 गांवों के साथ जोनिहा से शहर तक के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
जनपद से हमीरपुर के लिए सीधी बस नहीं थी। यात्रियों को जहानाबाद और घाटमपुर होकर सफर करना पड़ता था। पहले करीब 103 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। नए रूट से दूरी घटकर करीब 78 किलोमीटर रह गई है। इससे लगभग एक घंटे का समय और करीब 50 रुपये किराये की बचत होगी।
हमीरपुर डिपो के सहायक प्रबंधक आरपी साहू ने बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिले के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एसपी सिंह ने कहा कि सवारी की स्थिति का आकलन कर माघ मेला के बाद भी आवश्यकता अनुसार बस सेवा जारी रखी जाएगी।