फतेहपुर। दूसरे की भूमि दिखाकर महिला को फर्जी बैनामा कर 16.50 लाख रुपये हड़प लिए गए। पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कानपुर के श्यामनगर-सी रामपुरम निवासी अजय कुमार वर्मा की पत्नी रीना वर्मा ने बताया कि उन्होंने छह अगस्त को औंग थाना क्षेत्र के अभयपुर गांव के मदारपुर निवासी भगवानदीन से 16 लाख 50 हजार रुपये में भूमि खरीदी थी। बैनामा होने के बाद जानकारी हुई कि उन्हें किसी अन्य व्यक्ति की भूमि बेच दी गई है।
आरोप है कि इस सौदे में भगवानदीन के साथ उसके पुत्र पुत्तनलाल, रामकरन, रामबरन, बहू बेलापति और क्षेत्रीय एजेंट सुनील निषाद व संदीप तिवारी शामिल थे। सभी ने साजिश रचकर धोखाधड़ी की।
रीना वर्मा ने भगवानदीन के खाते में 9.50 लाख रुपये, सहखातेदार रामबरन की पत्नी बेलापति के खाते में 6.50 लाख रुपये और 50 हजार रुपये नकद दिए थे। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि बृहस्पतिवार को शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।