बकेवर। कानपुर से देवमई ब्लॉक के भैंसोली गांव तक संचालित ई-बस सेवा का रूट बढ़ाकर मुसाफा चौराहा तक करने की मांग ग्रामीणों ने की है। इस संबंध में उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम को ज्ञापन भेजा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि 10 जून से कानपुर रामादेवी डिपो ने भैंसोली गांव तक ई-बस सेवा शुरू की है लेकिन वर्तमान रूट निर्धारण व्यावहारिक नहीं है। ग्रामीणों का दावा है कि इस मार्ग पर पर्याप्त यात्री नहीं मिलेंगे। इससे बसों का संचालन अधिकांश सीटें खाली रहने के साथ होगा और परिवहन निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मुसाफा चौराहा क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां प्रतिदिन 50 से अधिक गांवों के हजारों छात्र, कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। यदि ई-बस सेवा को मुसाफा चौराहा तक विस्तारित किया जाता है तो यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और परिवहन निगम की आय में भी वृद्धि होगी। ज्ञापन भेजने वालों में अविक शुक्ला, मनीष, अजित, अशोक, राजेश विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।