फतेहपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के तहत डीएलएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 27 अक्तूबर से होंगी। इसके लिए जिले में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
डायट प्राचार्य भारती सिंह ने बताया कि परीक्षा में कुल 3,578 प्रशिक्षु भाग लेंगे। इनमें 2024 सत्र के प्रथम सेमेस्टर के 1,673 और 2023 सत्र के तृतीय सेमेस्टर के 1,905 प्रशिक्षु शामिल हैं।
प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 27 से 29 अक्तूबर तक चलेगी। तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 30 अक्तूबर से होकर तीन नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं।
इनमें पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज आबूनगर, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आईटीआई रोड सिविल लाइंस, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल राजकीय हाईस्कूल दनियालपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलवा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल राजकीय हाईस्कूल अलादतपुर व एएस इंटर कॉलेज शामिल हैं।