फतेहपुर। उत्साह, उमंग और खुशियों के बीच प्रकाश पर्व दीपावली जिले में धूमधाम से मनाई गई। घर घर दीप जले और भक्तों ने विधि विधान से लक्ष्मी गणेश की पूजा अर्चना की। शुभ मुहूर्त में घरों में लोगों ने लक्ष्मी और गणेश जी का आह्वान किया। इसके बाद बच्चों ने बड़ों के संग आतिशबाजी कर खूब मजा लिया।
प्रकाश पर्व दीपावली बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मुंह मीठा किया। मंदिरों के अलावा घर-घर में लक्ष्मी गणेश की पूजा की गई। बच्चे, युवा और बूढ़े-बुजुर्ग तक त्योहार की खुशियों में डूबे नजर आए। धन की देवी माता लक्ष्मी और विघ्नहर्ता मंगलकारी भगवान गणेश, कुबेर की पूजा अर्चना कर दीपावली का उत्साह मनाया। शाम पांच बजकर 42 मिनट से रात्रि सात बजकर 38 मिनट के बीच लोगों ने प्रदोष काल की वृष लग्न में पूजा की।
आचार्यों ने विधि विधान से गणेश लक्ष्मी और कुबेर का पूजन कराया। व्यापारियों ने अपनी तिजोरी के स्थान पर पूजन किया। लक्ष्मी व गणेश के चित्र व श्रीयंत्र को लाल वस्त्र बिछाकर चौकी पर स्थापित की। पूजन सामग्री पर जल छिड़कर उसके बाद जल अक्षत लेकर पूजन का संकल्प किया। सर्व प्रथम भगवान गणेश का पूजन कर गंध, अक्षत, पुष्प इत्यादि से कलश पूजन कर लक्ष्मी जी का पूजन किया। पूजन के बाद श्रीयंत्र, सिक्कों, शंख आदि की मंत्र द्वारा पूजा किया। भक्तों ने ऊं श्री हीं श्रीं कमले कमलालये महाप्रसीद प्रसीद महालक्ष्मी ते नम: मंत्र का उच्चारण कर हाथ जोड़कर आशीर्वाद लिया।