बेटे और बेटी को बाइक से लेकर खागा आ रहे एक लेखपाल की बाइक पर डीसीएम पलट गई। हादसे में लेखपाल के बेटे की मौत हो गई। जबकि बेटी और लेखपाल घायल हो गए। एंबुलेंस से सभी को अस्पताल लाया गया। दोनों घायलों को रेफर किया गया है।
खागा कस्बे के मानू का पुरवा के रहने वाले मोहम्मद अहमद लेखपाल हैं। वह अपने परिवार के साथ दावत खाने शिलमी गांव थाना किशनपुर गए थे। मंगलवार को लौटने के लिए निकले। परिवार के सदस्यों को बस में बैठा दिया।
तभी उनके छह साल के बेटे गुलाम गौस व बेटी गुलनाज (5) ने बाइक से घर चलने की जिद की। मोहम्मद अहमद बेटे व बेटी को बैठाकर खागा आ रहे थे। जैसे ही वह किशनपुर थाना क्षेत्र के कूरा मोड़ के पास पहुंचे तो सामने से आ रही सीमेंट लदी डीसीएम उनकी बाइक के बगल में आकर पलट गई। तीनों डीसीएम के नीचे दब गए।
स्थानीय लोग वहां पहुंचे और रास्ते से निकल रही धान काटने वाली मशीन से डीसीएम को सड़क के नीचे कराकर सभी को बाहर निकाला। तब तक गुलाम गौस की सांस थम चुकी थी। एंबुलेंस से सभी को हरदों अस्पताल लाया गया।
लेखपाल मोहम्मद अहमद और बेटी गुलनाज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ किशनपुर पंधारी सरोज ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीएम व अन्य अधिकारियों को सूचित किया गया है।