जाफरगंज। पिता को झांसा देकर मोबाइल लेने के बाद एक युवक ने उसकी बेटी का फोन नंबर ले लिया। इसके बाद उससे बातें भी कीं। इसके बाद लगातार फोन कर अकेले मिलने के लिए बुलाने लगा और ग्रामीणों के बीच किशोरी को बदनाम किया। विरोध पर किशोरी के घर में घुसकर उसकी दादी को पीट दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि वह 12 नवंबर को घर लौट रहा था। रास्ते में शुभम पटेल उर्फ शानू मिला। इसी बीच उसने झांसा देकर उनका मोबाइल ले लिया और कुछ दूर चला गया।
आरोप है कि इस बीच उसने मोबाइल से बेटी का नंबर निकाल लिया और बातें शुरू कर दीं। कई बार उसने अकेले मिलने का दबाव बनाया। विरोध पर बेटी को गांव में बदनाम करने लगा।
शिकायत पर शुभम शनिवार शाम नशे में घर पहुंचा। बेटी के साथ अभद्रता की और बुजुर्ग मां को पीट दिया। थानाध्यक्ष धनंजय सरोज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी, दुष्कर्म की कोशिश, छेड़छाड़, मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश की जा रही है।