नगर पचायत से सटी कैनाल रोड में फैली गंदगी
- फोटो : अमर उजाला
सीएम के स्वच्छता अभियान नगर पंचायत क्षेत्र में फुस्स हो गया है। पंचायत कार्यालय से सटे कैनाल रोड पर नहर गंदगी से पटा है। नागरिकों को जीना मुहाल हो गया है। आते-जाते लोगों को नाक में रूमाल लगाकर निकलना पड़ता है।
चिराग तले अंधेरा की कहावत नगर पंचायत कार्यालय पर सटीक बैठती है। नगर पंचायत ने स्वच्छता अभियान के तहत कई जगहों पर लाखों रुपये खर्च करके सफाई अभियान के स्लोगन लिखे हैं। रैली निकालकर अभियान चलाया गया। इसके बाद भी स्वच्छता अभियान फुस्स है। हाईवे से नगर पंचायत होते हुए रेलवे स्टेशन रोड को जाने वाली नहर गंदगी से पटी है। नहर में जमा गंदा पानी व कीचड़युक्त सिल्ट से नागरिक परेशान हैं।
नगर के मनोज द्विवेदी, अवधेश वाजपेई, कृष्णचंद्र शुक्ल, अविनाश द्विवेदी, करुणा शंकर मिश्र, संजय पांडेय ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय में कई बार नहर सिल्ट सफाई कराने की मांग की गई कोई सुनवाई नहीं हुई है। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह का कहना है कि शासन को सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। मंजूरी न मिलने से काम नहीं हो पा रहा है। दूसरी ओर ईओ राजमणि का कहना है कि जल निकासी न होने की समस्या से जलभराव हो जाता है। नहर विभाग समय-समय पर सफाई कराता है।