बिंदकी। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति व अन्य ससुरालीजनों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पति मौके से भाग निकला। पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है।
मलवां थाना के चक्की निवासी मन्नूलाल ने अपनी बेटी पिंकी देवी (25) की शादी 24 अप्रैल 2016 को राजू के पुत्र विपिन कुमार निवासी मोहल्ला ठठराही से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पिंकी का उत्पीड़न किया जा रहा था। मन्नूलाल का आरोप है कि पिंकी की 10 मई को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने गला दबाकर हत्या कर दी।
मन्नूलाल की तहरीर पर पुलिस ने पति विपिन कुमार, ससुर राजू , सास सुशीला, देवर सुशील और ननंद मंजू के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।