फतेहपुर/औंग। सड़क हादसों में शनिवार को दो लोगों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
औंग थाने के रसूलपुर गांव निवासी राम सिंह का बेटा राज कुमार सिंह(35) शुक्रवार रात करीब आठ बजे बाइक से रिश्तेदार बलजीत सिंह निवासी घाटमपुर कानपुर के साथ खदरा जा रहे थे। शकूरा रोड में जनक दुलारी इंटर कालेज के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दुर्घटना में राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के बाद राजकुमार अपने घर चले गए। घर में सुबह सांसें थम गई। एसओ अनूप सिंह ने बताया कि नर्सिंग होम के चिकित्सक से बातचीत हुई है। राजकुमार की जान लापरवाही में गई है। दुर्घटना के बाद सिर में चोट लगी थी। खून बंद होने के बाद उसने चोट को मामूली माना और घर चला गया था। जबकि चोट काफी गहरी रही है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। उसकी पत्नी माया देवी का घटना से रो-रो कर हाल बेहाल रहा।
उधर, खखरेरू थाना क्षेत्र के कनपुरवा मोड़ पर मैजिक की टक्कर से घायल मनोज (25) की शुक्रवार रात कानपुर ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। बता दें खखरेरू के मटिहा गांव निवासी मनोज (25) पुत्र देशराज रैदास अपने मौसेरे भाई राजकुमार पुत्र हरिश्चंद्र निवासी खखरेरू के साथ शुक्रवार की शाम प्रेमनगर जा रहे थे। तभी हादसे का शिकार हुए थे। यह भी हेलमेट नहीं लगाए थे।