बकेवर थाना क्षेत्र के गांव गुटइयाखेड़ा के युवक की उसके ही दोस्तों ने हत्या कर लाश रेलवे पटरी के समीप फेंक दी था। बकेवर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर बोलरो सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
गांव गुटइयाखेड़ा के दिवंगत भोले मियां के बड़े पुत्र महबूब आलम (35) को उसका दोस्त गांव का ही इमरान पुत्र जब्बार, गांव केसरीपुर निवासी रमेश सिंह पुत्र जगदेव व अरविंद सिंह उर्फ बबलू पुत्र जागान अपने साथ सफेद बोलेरो से अपहरण कर ले गए थे।
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर शव को नर्वल थाना क्षेत्र के करबिगवां स्टेशन के पास रेलवे पटरी पर फेंक दिया था। महबूब के शव का पुलिस ने लावारिस में पोस्टमार्टम करा दिया था। मृतक के छोटे भाई चांदबाबू ने कपड़ों से पहचान क र अपहरण कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विवेचना करने पर जब तीनों हत्यारोपी हत्या में प्रयुक्त बोलेरो सहित पुलिस के हत्थे चढ़े तो सख्ती बरतने पर हत्या का पर्दाफाश कर दिया। बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों को जेल भेजने के साथ ही बोलेरो गाड़ी को कब्जे में ले ली गई है। उधर, पुलिस अधीक्षक कलानिधि नौथानी ने बताया कि इस कांड का पर्दाफाश कर हत्यारों को जेल भेजने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।