फतेहपुर। पचास नंबर रेलवे ओवरब्रिज के गड्ढे ने सोमवार को बाइक सवार छात्र की जान ले ली। वह अनियंत्रित होकर गिरा तो पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ललौली थाना क्षेत्र के पश्चिमी बहुआ कृष्णा नगर निवासी अब्दुल रहमान का बेटा मोहम्मद गुफरान (18) बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। करीब 15 दिन से अवंतीबाई चौराहे पर अमित पटेल की पैथालॉजी में काम करने लगा था। पैथालॉजी संचालक की बाइक लेकर जयराम नगर किसी काम से जा रहा था। ओवरब्रिज के गड्ढे में बाइक फंसने से गिर पड़ा। तभी बांदा से रायबरेली की ओर जा रहे गिट्टी लदे ट्रक ने गुफरान को कुचल दिया।
समाजसेवी अशोक तपस्वी ने एंबुलेंस से शव को मुर्दाघर में रखवाया। घटना की सूचना पर परिजन पहुंचे। मां रसीदुन का हाल बेहाल हो गया। वह आठ भाई-बहनों में सबसे था। उसके भाई मुख्तार अहमद व कल्लू सऊदी अरब में रहते हैं। सुभान, जुम्मन, इरफान कस्बे में बक्से अलमारी बनाने का काम करते हैं। पिता अब्दुल रहमान फुटपाथ में सब्जी बेचते हैं। घटनास्थल में मौजूद लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज के आसपास मौरंग गिट्टी के ढेर लगे हैं। ओवरब्रिज में गड्ढे बने हैं। जिसकी वजह से आए दिन हादसे होते हैं। चौकी इंचार्ज कमलेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।