कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानगर हाईवे पर मंगलवार देर शाम कानपुर जा रहे पिकप में विस्फोट हो गया। पिकअप में सवार एक व्यक्ति के झोले में विस्फोटक सामग्री भरी थी, जिसकी वजह से यह विस्फोट हुआ। घटना में पिकअप सवार आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कानपुर की ओर जा रही पिकअप नंबर यूपी 77 टी 6444 के पीछे हिस्से में छेद्दू पासवान पत्नी शंकुतला व सात साल के बेटे प्रमोद सोथरापुर कोतवाली खागा, रणविजय निवासी काजीपुर थाना सैनी कौशांबी, गुलाब सिंह निवासी कस्बा मलवां और रियाज पुत्र जमील निवासी सरसौल कानपुर बैठे थे।
ये सभी कानपुर की ओर जा रहे थे। पिकअप शाम को सुल्ताननगर बाईपास पर जैसे ही पहुंची, तभी जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हो गया। धमाके के बाद पिकअप छोड़कर ड्राइवर सलमान और नौशाद निवासी रामादेवी कानपुर नीचे आ गए।
पीछे सवारियों के साथ बैठा रियाज घायल अवस्था में भागने लगा। यह देख भीड़ ने रियाज को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रियाज समेत सारे घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों ने बताया कि धमाके के बाद घायल हालत में रियाज भाग रहा था।
उसके पास दो झोले थे, जिसमें विस्फोटक भरा था। पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि रियाज विस्फोटक लेने रायपुर मुआरी थाना हथगाम आया था। यहां से विस्फोटक लेकर जा रहा था। कोतवाल आरएस सोनकर ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। विस्फोटक बेचने वालों की जांच की जाएगी।