कानपुर की ओर जा रही रोडवेज बस की टक्कर से घायल दूसरे मजदूर ने भी शुक्रवार की रात हैलट कानपुर में दम तोड़ दिया। एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दोपहर में रोडवेज बस की तलाश में टोल प्लाजा के फुटेज खंगाले।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौरी गांव निवासी राजबहादुर (60) और रामऔतार (65) शुक्रवार को साइकिल से मजदूरी करने जा रहे थे। टोल प्लाजा के पास दोनों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी।
राजबहादुर की मौके पर ही मौत हो गई थी। रामऔतार की हालत गंभीर देखकर उनको कानपुर हैलट भेजा गया था। थाना प्रभारी जीपी सिंह ने बताया कि हैलट में रामऔतार ने भी दम तोड़ दिया। रामऔतार परिवार के इकलौते कमाने वाले थे।
उन्हें पट्टे में एक बीघा जमीन मिली थी। दो शादीशुदा बेटियां हैं। वह पत्नी के साथ जीवनयापन करते थे। बेटे न होने से दामाद ही अंतिम संस्कार करेंगे।