सड़क की सफाई कर रही महिला सफाईकर्मी को लोडर ने कुचल दिया। आसपास के लोग जब तक पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। चालक लोडर लेकर भाग निकला। महिला की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए लोगों ने ज्वालागंज-राधानगर मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे बाद यातायात बहाल कराया जा सका।
शहर के अरबपुर मोहल्ला निवासी चंदन कुमार की पत्नी माया देवी (35) नगर पालिका में संविदा सफाई कर्मी थी। वह पीरनपुर कबाड़ी मार्केट में सफाई कर रही थी। राधानगर से ज्वालागंज की ओर जा रही तेज रफ्तार लोडर ने उसे कुचल दिया, मौके पर ही मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजन और इलाकाई लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के न आने पर सफाईकर्मियों ने कूड़े से भरा डंपर और जेसीबी रोड पर खड़ी कर जाम लगा दिया।
सूचना पर कोतवाल सुनील सिंह पहुंचे। कर्मचारियों ने कोतवाल को शव उठाने से रोक दिया। इससे ज्वालागंज और राधानगर मार्ग पर वाहन जाम में फंस गए। सीओ सिटी कपिल देव मिश्र, एसडीएम अवनीश राय मौके पर पहुंचे। इलाकाई लोगों ने अधिकारियों से लोडर को पकड़ने, मुआवजे और बेटे को नौकरी दिलाने की मांग की। एसडीएम ने तत्काल राहत कोष से 40 हजार रुपये की मदद की। पांच लाख रुपये मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दिलाने का आश्वासन दिया।
सीओ सिटी ने लोडर को चिह्नित कर पकड़ने का भरोसा दिया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस प्रशासन यातायात बहाल करा सका। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। माया देवी की मौत से बच्चे मंजीत (14) और जसवंत (10) के साथ-साथ पति और घर की महिलाएं विलाप कर रही थीं।