जिले में तेज बारिश और गरज के साथ गिरी आकाशीय बिजली
ने बुधवार को कहर बरपाया। बिजली की चपेट में आने से तीन किशोरों समेत पांच
लोगों की मौत हो गई व पांच झुलस गए।
गाजीपुर थाने के पैनाखुर्द गांव
निवासी रामशंकर अपने बेटे राहुल (15) को लेकर भेड़ चराने जंगल गया था।
सलरावन बगहा में पिता पुत्र भेड़ चरा रहे थे तभी दोपहर को बारिश तेज हो गई
और तभी जंगल में जोरदार कड़क की आवाज के साथ बिजली गिरी और पिता पुत्र
बिजली के झटके से जमीन में गिर पड़े।
रामशंकर ने बताया कि कुछ मिनट बाद ही
वह बेटे के साथ खड़ा हुआ और बेटे को घर चलने के लिए कहने लगा। तभी उसका
बेटा दोबारा गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना की खबर से ग्रामीण और पुलिस
मौके पर पहुंची।
एसएचओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट
में आने से राहुल की मौत हो गई है और वहीं उसका पिता मामूली रूप से झुलसा
है।
उधर, असोथर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर मजरे सरकंडी गांव निवासी
रामनरेश का बेटा रामअवध उर्फ कल्लू (14), संतोष का बेटा अनुज (15) और
रामपूजन का बेटा अमरजीत (15) शौच क्रिया के लिए जंगल गए थे।
तीनों वापस घर
लौट रहे थे, तभी रास्ते में बिजली गिरने से चपेट में आ गए। तीनों को परिजन
पीएचसी असोथर लेकर पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने रामअवध को मृत घोषित कर
दिया। अनुज व अमरजीत को जिला अस्पताल रेफर किया।
किशनपुर थाना
क्षेत्र के महेशपुर मथैया गांव निवासी भैयालाल की पत्नी केतकी (55) खेत
देखने गई थी। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
थरियांव थाना क्षेत्र के भागूपुर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में
रामबहादुर का बेटा राजेंद्र झुलस गया। वह खेतों पर बकरियां चरा रहा था।
बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आया।
उसे बेहोशी हालत में जिला
अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजेंद्र की एक बकरी भी हादसे में मर गई।
उधर, बिंदकी कोतवाली
क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी जगत प्रसाद की पत्नी चुनबादी (35) दोपहर को
घर के दरवाजे पर बैठी थी।
तभी आकाशीय बिजली गिरने में घर का छज्जा ढह गया।
छज्जा के मलबे में चुनबादी दब गई। परिजनों ने किसी तरह से उसे बचाकर जिला
अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान महिला की शाम को मौत हो
गई।
उधर, जाफरगंज थाना क्षेत्र के डांडा अमौली गांव निवासी मोहनलाल का बेटा
शीलू प्रजापति (17) और शिवशंकर का बेटा अंकुश (14) गांव में ही बकरियां
चराने के लिए गए थे। तभी बिजली की चपेट में आ गए। दोनों को जिला अस्पताल
में भर्ती कराया गया। जहां पर शीलू की इलाज के दौरान ही मौत हो गई। वहीं
अंकुश भर्ती है।