चौडगरा (फतेहपुर)। थाने से मंगलवार रात करीब एक बजे कानपुर का शातिर हथकड़ी समेत फरार हो गया। थाने और चौकी के फोर्स ने आसपास इलाके में तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। एक टीम कानपुर रवाना की गई है। दीवान और होमगार्ड के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निलंबित किया गया है।
कानपुर नगर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र के हंस नेवादा निवासी भूरा का बेटा दीपक चौडगरा में एक होटल के बाहर खड़े ट्रक में चोरी करते पकड़ा गया था। उसके पास से चौडगरा चौकी इंचार्ज आरके यादव ने तमंचा और दो कारतूस बरामद किए थे। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर चौकी से शाम को कल्यानपुर थाने पहुंचा दिया था। थाने के हवालात में दीपक ने पेट दर्द होने का बहाना किया। थाने में रात के वक्त मुंशियाना में दीवान केके राय और होमगार्ड महादेव तैनात थे। दीवान ने हथकड़ी लगाकर मुंशियाना में बैठा लिया। उसकी रस्सी तख्त के पाए में बांध दी। रात में वह धीरे से पाए से रस्सी खिसका कर भाग निकला। दीवान ने शोर मचाया। होमगार्ड और पहरा उसके पीछे दौड़े। हाईवे पार करके आरोपी खेत में कूदकर गायब हो गया। पुलिस पूरी रात उसकी खोजबीन करती रही, लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा।
मामले की जांच करने सीओ अभिषेक तिवारी पहुंचे। सीओ की जांच के बाद थानेदार अरविंद सिंह गौर ने दीवान और होमगार्ड पर लापरवाही के चलते आरोपी को भागने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानेदार ने बताया कि आरोपी को होमगार्ड लघुशंका कराने लेकर जा रहा था। तभी होमगार्ड को झटका देखकर हथकड़ी समेत आरोपी भागा है। दीवान की ओर से आरोपी के भागने की रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपी के खिलाफ कानपुर के शिवराजपुर थाने और मैनपुरी जिले की कोतवाली में चोरी के मामले दर्ज हैं।
नाइट ड्यूटी में दीवान के नशे में होने की चर्चा
- आवास के पीछे खाली बोतलों के ढेर, थाने में चौकसी की खुली कलई
अमर उजाला ब्यूरो
चौडगरा। थाने में तैनात दीवान केके राय के शाम ढलते ही नशे में होने की चर्चा रही। दीवान का थाने में रौब भी है। बगैर वर्दी पहने ड्यूटी पर रहना आदत में शुमार है। पुलिस अधिकारी जांच के दौरान दीवान पर नशे में होने की बात को लेकर कमेंट करते रहे। इलाके के संभ्रांत लोगों ने दीवान की अधिकारियों से शिकायत की थी लेकिन उसे तवज्जो नहीं दिया गया था। दीवान के आवास के पीछे शराब की खाली शीशियां भी पड़ी रहती हैं।
मामले की जानकारी के बाद एसपी ने थानेदार को जमकर फटकार लगाई। एसपी को निरीक्षण के दौरान दीवान के आवास के पीछे लगे शीशियों के ढेर के बारे में चर्चा हुई थी। हालांकि उस जगह तक एसपी की निगाह नहीं गई थी। लापरवाही के खामियाजा के तौर पर अभियुक्त के भागने की बात सामने आई है।
सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि शराब के शौकीन होने की दीवान की चर्चा आई है। मामले की जांच की जा रही है।
इनसेट
रिपोर्ट में मुंशी को बचाने की कोशिश
थानेदार ने आरोपी के भागने के प्रकरण में दीवान को बचाने का प्रयास किया है। रिपोर्ट में होमगार्ड महादेव से आरोपी के छुड़ाकर भाग जाना दिखाया गया है। जिससे घटना मुंशियाना परिसर के बाहर हो गई। इस तरह से कहीं न कहीं रिपोर्ट में खेल किया गया।
इनसेट
हत्यारोपी से हथकड़ी नहीं बरामद कर पाई पुलिस
असोथर थाने से पत्नी का हत्यारोपी चार माह पहले बाइक सवार पुलिस कर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत भागा था। आरोपी चाकू के साथ मध्यप्रदेश की जेल में समर्पण हो गया था। उसे पुलिस रिमांड पर अभी तक नहीं ला सकी है। हत्यारोपी से पुलिस हथकड़ी का सुराग नहीं लगा सकी है।