थरियांव थाना क्षेत्र के देहुली गांव में जमीनी विवाद में एक अधेड़ की घेरकर आधा दर्जन हमलावरों ने धारदार हथियार और लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों की हवाई फायरिंग के कारण ग्रामीण बीच बचाव करने का दुस्साहस नहीं जुटा पाए।
देहुली गांव निवासी रामदयाल पुत्र विशाल यादव (48) की गांव से करीब दो किमी दूर हाइवे पर जमीन है। इस जमीन पर वह निर्माण करा रहा है।
इसी जमीन पर आरोपी रामबाबू निर्माण का विरोध कर रहा था। इस बात को लेकर कई बार लाठी डंडे चल चुके । होलिका दहन के दिन रामदयाल के पुत्र पिंटू को आरोपियों ने घेरा था।
इसकी शिकायत भी पुलिस से की थी लेकिन पुलिस मौके पर पहुंची और डांट डपट कर मामला शांत करा दिया था। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे रामदयाल घर से हाइवे की तरफ प्लाट जा रहा था। जैसे ही वह गांव के बाहर निकला, तो पहले से घात लगाए बैठे बाबूराम पुत्र बाबादीन व उसका भतीजा अरविंद पुत्र रामखेलावन आठ दस साथियों के साथ घेर लिया। हमलावरों ने तमंचे लहराते हुए हवाई फायरिंग शुरू कर दी और रामदयाल को लाठी डंडे और धारदार हथियार से पीटना शुरू कर दिया। तब तक उसकी पिटाई करते रहे, जबतक उसकी मौत नहीं हो गई। हवाई फायरिंग करके ग्रामीणों में दहशत पैदा करते रहे, इस लिए कोई भी ग्रामीण बीच बचाव करने का साहस नहीं जुटा पाया। हमलावरों के जाने के बाद परिजन उसे मृत हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान पति मनोज कुमार की सूचना पर मौके पर पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की। घटना की सूचना पर सीओ थरियांव वंदना सिंह व नायब तहसीलदार जीतेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थितियों का जायजा लिया। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है, जिसमें मौत का कारण धारदार हथियार से पिटाई करने से मौत की हत्या होने की पुष्टि हुई है। थानाध्यक्ष सनुज यादव ने बताया कि बाबूराम व अरविंद समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इनसेट
पुलिस ने मामले को हल्के में लिया
फतेहपुर। देहुली गांव में अधेड़ की हत्या में पुलिस की हीलाहवाली भी एक कारण है। समय रहते पुलिस चेत जाती तो शायद समय से घटना टाली जा सकती थी। देहुली गांव में हाईवे पर स्थित रामदयाल की जमीन का विवाद करीब एक महीने से चल रहा था। इस संबध में मृतक तहसील दिवस और समाधान दिवस में गुहार लगा चुका था। इतना ही नहीं घटना के एक दिन पहले आरोपियों ने मृतक के बेटे की घेरकर हत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन 100 नंबर डायल करने पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद पुलिस ने तब तेजी दिखाई जब शुक्रवार को आरोपी पक्ष बाबूराम आदि ने गांव के बाहर घेरकर रामदयाल की हत्या कर दी। ग्रामीण पुलिस पर हत्या कराने का दोषारोपण कर रहे हैं। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।